राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पिथौरागढ़ में आज दिनांक 21 नवंबर 2026 को माननीय महापौर श्रीमती कल्पना देवलाल की अध्यक्षता में दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पारंपरिक रूप से किया गया। समारोह में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर चुके प्रशिक्षार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ प्रमाण-पत्र एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षार्थियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर माननीय महापौर महोदया ने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को अपने हुनर एवं तकनीकी दक्षता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में तकनीकी कौशल युवाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।
समारोह में संस्थान के प्रधानाचार्य श्री दर्शन सती ने संस्थान की शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण गतिविधियों, उपलब्धियों तथा कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का व्यावहारिक जीवन में उपयोग करने, निरंतर नई तकनीकों को सीखने तथा अपने संस्थान एवं जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में संस्थान के समस्त कर्मचारियों, अनुदेशकों एवं प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। समारोह का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके युवाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करना, उनमें आत्मविश्वास एवं कार्यकुशलता की भावना विकसित करना तथा उन्हें रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
अंत में प्रधानाचार्य श्री दर्शन सती द्वारा माननीय महापौर महोदया एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। सभी प्रशिक्षार्थियों के सफल, उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना के साथ समारोह का समापन हुआ।





